जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बाद गहलोत सरकार की ओर से हाल ही में जारी की गई नई गाइडलाइन को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। गाइड लाइन को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मौत से 4 दिन पहले संबंधित एसडीएम को सूचना देने का जिक्र है। यह स्क्रीनशॉट जैतारण से भाजपा विधायक अविनाश गहलोत ने भी ट्वीट कर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने ट्वीट कर इसका खंडन किया। उन्होंने लिखा कि आप जनप्रतिनिधि हैं, आपसे आग्रह है कि इस महामारी के समय में गलत प्रचार कर जनता को भ्रमित नहीं करें। ओएसडी शर्मा ने गाइडलाइन की कॉपी भी ट्वीट की, जिसमें आधिकारिक गाइडलाइन में कहीं भी इस तरीके का बिंदु नहीं होने का जिक्र किया गया। कोरोना गाइडलाइन के वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट को लेकर ट्वीट करते हुए भाजपा विधायक अविनाश गहलोत ने ट्विटर पर लिखा था कि राजस्थान की सत्ता में ज्योतिषियों की भारी मांग, राजस्थान सरकार का नोटिस पढि़ए। अंतिम संस्कार में 20 लोग शामिल हो सकते हैं, इसकी सूचना 4 दिन पहले एसडीएम को देनी होगी। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर




