Central government withdraws anti-farmer agriculture law: Bauhra
Central government withdraws anti-farmer agriculture law: Bauhra

किसान विरोधी कृषि कानून वापस ले केन्द्र सरकार : बौहरा

धौलपुर,05 जनवरी (हि.स.)। केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून के विरोध में जिले के मनियां कसबे में मंगलवार को किसान पंचायत आयोजित की गई। किसान पंचायत में किसानों को कृषि कानूनों की कमियों के संबंध में जागरुक किया गया। इस मौके पर राजाखेडा विधायक रोहित बौहरा ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। इन कानूनों से किसानों की हालत और खराब होगी। ऐसे में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। बौहरा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही किसानों की हितैषी रही है। इसलिए किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन में कांग्रेस किसानों के साथ में कंधे से कंधा मिलाकर खडी है। कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने कहा कि राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस की ओर से किसानों को जागरुक करने के लिए जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजाखेडा विधानसभा क्षेत्र के गढी विनतीपुरा में किसान पंचायत हुई है। इसी प्रकार राजाखेडा में छह जनवरी को राजाखेडा में आईटीआई के पास में किसान पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। किसान पंचायत में कांग्रेस नेता प्रमोद शर्मा, राजेश सिकरवार,राजकुमार तोमर,रवि सिकरवार तथा अन्य कांग्रेस पदाधिकारी तथा किसान मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप/संदीप-hindusthansamachar.in

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in