जैसलमेर, 19 जून(हि.स.)। जैसलमेर स्थित सीमा जन कल्याण समिति छात्रावास के प्रांगण में शनिवार को सीमा सुरक्षा बल की 139वीं वाहिनी ने अरुण कुमार सिंह उप महानिरीक्षक क्षेत्रीय मुख्यालय,जैसलमेर(उत्तर) के निर्देशन में सामाजिक सरोकार निभाते हुए कोरोना संक्रमण काल में गरीबों में खाद्य सामग्री एवं जरूरतमंदों को पहनने लिए आवश्यक कपड़ों का वितरण किया। कोरोना की द्वितीय लहर झेल रहे लोगों को राहत पहुंचाने में सीमा सुरक्षा बल सदैव प्रयासरत रही है और इसी श्रंखला को आगे बढ़ाते हुए जैसलमेर में लोगों को दस किलो चावल एवं आटा वितरित कर आम जनता का भी सहयोग किया। इस अवसर पर सीमा सुरक्षा बल के अरुण कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय, जैसलमेर (उत्तर) के साथ अन्य अधिकारियों के अलावा सीमा जन कल्याण समिति के निम्बसिंह, वासुदेव एवं शरद व्यास उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रशेखर/संदीप




