जयपुर, 10 जून(हि.स.)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर जिले के रींगस, जोधपुर के आगोलाई व बारां के कोयला में नवीन उप तहसील के सृजन को स्वीकृति दी है। गहलोत के इस निर्णय से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व कार्यों में आसानी होगी। नवीन उप तहसील रींगस में 4 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 16 पटवार मण्डल एवं 41 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। जोधपुर की नवीन उप तहसील आगोलाई में 2 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 8 पटवार मण्डल एवं 55 राजस्व ग्राम शामिल होेंगे। बारां की नवीन उप तहसील कोयला में 3 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 12 पटवार मण्डल एवं 42 राजस्व ग्राम शामिल होेंगे। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट सत्र के दौरान प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश में विभिन्न नए तहसील कार्यालय खोलने, उप तहसीलों के क्रमोन्नयन एवं नए उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणाएं की थीं। इन घोषणाओं के क्रम में मुख्यमंत्री ने सीकर जिले के रींगस, जोधपुर के आगोलाई व बारां के कोयला में नवीन उप तहसील सृजित करने की स्वीकृति दी है। हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ ईश्वर




