जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। अलवर के रामगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने रविवार को एक पत्र जारी कर सनसनी फैला दी है। इस पत्र में उन्होंने सीधे तौर पर मुस्लिम, ईसाई समाज के साथ उनकी ओर से संचालित धार्मिक संस्थाओं पर सेवा कार्य के नाम पर चुप्पी धारण कर बैठने का आरोप लगाया है। आहूजा ने यह पत्र राजस्थान की मीडिया के नाम लिखा है। अपने पत्र में आहूजा ने लिखा कि देश इस समय महामारी के सबसे विकराल एवं भयंकर विस्फोट से गुजर रहा है। कोरोना की भयावहता के कारण आमजन अंत्यंत डरा-सहमा एवं इससे अपने बचाव के लिए पूर्ण आश्वस्त नहीं है। उन्होंने चिंता जताई कि कोरोना की पहली लहर में देश में जिस तरह मंदिरों, गुरुद्वारों, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं तथा भामाशाहों व सरकारों की ओर से सेवा कार्य चलाए गए, वैसा अब किसी भी हिस्से में नहीं किया जा रहा है। जबकि, इस समय पहले से ज्यादा पाबंदिया है। उन्होंने लिखा कि कोरोना के पहले दौर में यह देखा और महसूस किया गया है कि महामारी के इस भयावह दौर में सेवा व सामाजिक कार्यों तथा मानव जीवन बचाने के लिए मंदिरों, गुरुद्वारों, जैन मंदिरों, हमारे धार्मिक संस्थाओं के विद्यालयों, गैर सरकारी संगठन, अन्य सनातन धार्मिक या सामाजिक संस्थाओं द्वारा ही राहत व बचाव कार्य के साथ सामाजिक कार्य किए गए। ऐसे समय में देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा जो देश के राजस्व के बड़े हिस्से का छात्रवृतियों, निशुल्क राशन, विभिन्न निशुल्क योजनाओं के माध्यम से शुरू से ही लाभार्थी रहा है। राजकीय सहायता, मदरसों में अनुदान एवं हर तरह राजकीय संरक्षण प्राप्त मुस्लिम व ईसाई बंधु तथा उनकी धार्मिक संस्थाए सेवा कार्य नहीं कर पा रही है। अपवादस्वरूप, किसी मुस्लिम बहुल क्षेत्र में कुछ युवा कहीं सेवा कार्य कर भी रहे है तो उन्हें उनके समुदाय व धार्मिक संस्थाओं का सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने लिखा कि उनके विधानसभा क्षेत्र समेत मेवात के बड़े हिस्से में ये समुदाय वैक्सीन के बारे में भी भ्रामक जानकारियां फैलाकर टीकाकरण अभियान को बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं। इन समुदायों के लोग मेवात क्षेत्र में बिना मास्क घूमकर कोरोना को फैलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। आहूजा ने सभी मुस्लिम धर्मगुरुओं से देश की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए लोगों को वैक्सीन के लिए प्रेरित करने के साथ मस्जिद, मदरसों व उनकी अन्य धार्मिक संस्थाओं से सामाजिक सेवा कार्य करने के लिए मुस्लिम समुदान को प्रेरित करने का आह्वान किया है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ ईश्वर
⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵




