अलवर,एजेंसी । शहर के दाऊदपुर फाटक पर सोमवार सुबह कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। दरसल सुबह दिल्ली की तरफ से रानीखेत एक्सप्रेस अलवर रेलवे स्टेशन पर आ रही थी। इसी दौरान दाउदपुर फाटक पर फाटक बंद होने लगा। जिसे देखकर एक ईटों से भरी ट्रॉली को लेकर ट्रैक्टर चालक तेजी से निकालने लगा। अचानक ट्रॉली रेल की पटरी के बीच ही ट्रैक्टर से टूटकर अलग हो गई। ट्रैक्टर चालक आगे चला गया और तभी फाटक बंद हो गया। उसी वक्त रानीखेत ट्रेन आ गई। कर्मचारियों ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को करीब 500 मीटर दूर रोक दिया। कर्मचारियों ने तुरंत घटना की सूचना अपने अधिकारियों को दी। अधिकारियों तक सूचना पहुंचने के बाद सब के हाथ पांव फूल गए और बड़ी संख्या में रेलवे के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तुरंत क्रेन मशीन मंगवा कर ट्रॉली को पटरी से हटवाया गया तथा दूसरी लाइन पर ट्रेन को डायवर्ट कर निकाला गया। पूरी घटना में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही रही। ट्रैक्टर चालक ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। अब रेलवे प्रशासन ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह ट्रैक्टर ट्रॉली किसके थे। पुलिस इसकी जांच पड़ताल कर रही है।
मौके पर हुई भीड़ जमा
दाऊदपुर फाटक पर इस घटना को देखते हुए भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेन में से भी यात्री उतर कर घटनास्थल तक पहुंचे और जानकारी जुटाने लगे। इस घटना के कारण काफी देर तक ट्रेन पटरी पर खड़ी रही। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा जबकि पहले ही ट्रेन अपने निर्धारित समय से 2 घंटे लेट थी।




