नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। उन्होंने अमृतसर, अजनाला और रमदास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली। उनके इस दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इस बीच कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा राहुल गांधी का अमृतसर दौरा हमारे लिए बहुत बड़ा मोटिवेशन है। चूंकि पंजाब में मुख्यमंत्री किसी और पार्टी से हैं, ऐसे में हमारे लिए सबसे बड़े नेता राहुल गांधी ही हैं। उन्होंने हमेशा यही कहा है कि लोगों की सेवा करते रहो, जितनी कर सको, उतनी करो। यह सोच बहुत पॉजिटिव है।
नवजोत कौर ने आगे कहा कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्राउंड लेवल पर काम शुरू कर दिया है, जिससे आम लोग भी प्रेरित होंगे कि वे घर से निकलकर जरूरतमंदों की मदद करें। यह समय चिल करने या पार्टियां करने का नहीं है। आधा पंजाब पानी में डूबा है, ऐसे में यह हमारे अपने लोगों की मदद करने का समय है। राहुल गांधी के इस दौरे को पार्टी के अंदरूनी संगठन के लिए भी एक बड़ा मोरल बूस्ट माना जा रहा है।
बाढ़ राहत कार्यों में क्यों नहीं दिख रहे नवजोत सिंह सिद्धू ? पत्नी ने बतायी वजह
पंजाब में बाढ़ राहत कार्यों के बीच जब नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी को लेकर सवाल उठे, तो उनकी पत्नी नवजोत कौर ने इस पर सफाई दी। जब मीडिया ने पूछा कि नवजोत सिंह सिद्धू इस दौरान जनसेवा में क्यों नजर नहीं आ रहे, तो नवजोत कौर ने कहा कि मैं खुद इस वक्त नवजोत सिंह सिद्धू का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। उन्होंने पहले से एक कमिटमेंट ले रखा है, जिसके तहत वह काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि सिद्धू बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पर्दे के पीछे से लगातार सक्रिय हैं। उन्हें जहां से भी आर्थिक सहयोग मिलता है, वो सीधे किसी न किसी फाउंडेशन को डोनेट कर देते हैं। इसके अलावा नवजोत कौर ने बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन सिंह और युवराज सिंह जैसे पूर्व क्रिकेटर्स से भी संपर्क किया है और उनसे पंजाब में राहत कार्यों के लिए सहयोग मांगा है।
पंजाब सरकार पर भड़कीं नवजोत कौर
पंजाब में आई बाढ़ को लेकर नवजोत कौर ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पंजाब सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए और कहा कि आपदाओं से निपटने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि सरकार ने बाढ़ से पहले क्या तैयारियां की थीं? कुछ भी नहीं। सवाल ये है कि नदियों के किनारे घर बनाने की अनुमति आखिर दी ही क्यों गई?” नवजोत कौर ने उन लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की जो जानबूझकर एक बार में पानी छोड़कर हालात और बिगाड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह वक्त राजनीति करने या आरोप-प्रत्यारोप लगाने का नहीं है। अभी प्राथमिकता सिर्फ लोगों की मदद होनी चाहिए।




