नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मिजोरम की राजधानी आइजोल के बाहरी इलाके में स्थित पत्थर की एक खादान भारी बारिश के कारण ढह गई, जिसके कारण इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य लोग लापता हो गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा 28 मई 2024 की सुबह 6 बजे आइजोल के दक्षिणी बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण हुआ। भारी बारिश के कारण पत्थर की खदान के पास भूस्खलन हो जाने के कारण यह हादसा हो गया।
लगातार हो रही बारिश से बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है
आइजोल के बाहरी इलाके में हुए इस भयानक हादसे के बाद वहां के स्थानीय लोगो और प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मिजोरम के डीजीपी ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए राहत और बचाओ कार्य में तेजी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस हादसे में अभी तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। डीजीपी ने जानकारी दी कि इस हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाओ कार्य को पूरी तत्परता के साथ चलाया जा रहा है। लेकिन लगातार हो रही बारिश से बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है
मिजोरम के डीजीपी के अनुसार लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियों का जल स्तर भी बढ़ने लगा है। सावधानी बरतते हुए नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को वहां से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मिजोरम में बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। मिजोरम के डीजीपी ने जानकारी दी कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के अन्य हिस्सों से अलग हो गया है। यही नहीं इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग पर भी भूस्खलन का असर देखा गया है। भारी बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन के मद्देनजर मिजोरम के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





