नई दिल्ली/रफ्तार न्यूज। कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज मणिपुर के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जिरीबाम हायर सेकेंडरी स्कूल में सेटअप राहत शिविर का दौरा किया। जहां उन्होंने मैतेई समुदाय के विस्थापितों से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने असम में स्थित कुकी समुदाय के राहत शिविर का दौरा किया।
मणिपुर पहुंचने से पहले इलाके में हुई जबरदस्त गोलीबारी
नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी का पूर्वोत्तर में ये पहला दौरा है। दौरे से कुछ घंटे पहले तक जिरीबाम में सुबह साढ़े 3 बजे से जबरदस्त गोलीबारी हुई। ये गोलीबारी 3.30 घंटे तक चलती रही। अज्ञात हमलावरों की फायरिंग का सुरक्षाबलों ने भी जवाब दिया और जवाबी फायरिंग की। घटना के बाद आसपास के इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है।
पिछले एक साल से मणिपुर हिंसा की चपेट में है
बता दें कि मणिपुर पिछले एक साल से हिंसा की चपेट में है। 6 जून को भी अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था। इसके अलावा हमलावरों ने 4 घरों में भी आग लगा दी थी। जिसके बाद वहां के निवासियों को राहत शिविर में पहुंचाया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में गए लेकिन मणिपुर नहीं गए। जिसको लेकर संसद में भी उन्होंने मुद्दा उठाया था।
3 मई 2023 से शुरू हुई हिंसा
बता दें कि मणिपुर में पिछले साल 3 मई से शुरू हुई जातीय हिंसा में 200 से ज्यादा लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे। मणिपुर में ये हिंसा तब भड़की थी जब मैतेई समुदाय को एसटी में शामिल करने की मांग के विरोध में राज्य के पहाड़ी जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च का आयोजन किया गया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





