मुंबई, 06 मई (हि.स.)। मध्य रेल ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए विशेष शुल्क पर पूरी तरह से आरक्षित वन-वे स्पेशल/ सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी गई है। मध्य रेल मुंबई के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 01351 विशेष ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से 8 मई को 11.05 बजे रवाना होगी और अगले दिन 23 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन को दादर, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, सतना, बांदा जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा व बस्ती स्टेशन पर हॉल्ट दिया गया है। इस ट्रेन में दो 3 टायर एसी, 5 स्लीपर, 14 सेकंड सीटिंग की संरचना की गई है। इसी प्रकार 01479 सुपरफास्ट स्पेशल 8 मई को पुणे से 22 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन 04.55 बजे हटिया पहुंचेगी। इस ट्रेन को दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, मनमाड, भुसावल, अकोला, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा व रेंकेला स्टेशन पर हॉल्ट दिया गया है। इस ट्रेन में दो 3 टायर एसी, 8 स्लीपर, 11 सेकंड सिटिंग की संरचना की गई है। पूरी तरह से आरक्षित वन वे स्पेशल ट्रेन नंबर 01351 एवं 01479 सुपरफास्ट वन वे स्पेशल के लिए बुकिंग विशेष शुल्क पर सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों पर और वेबसाइट www.irctc.co.in पर दिनांक 7 मई को आरंभ होगी। हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप





