नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से पहले महायुति ने सीट बंटवारे पर आपसी सहमति बना ली है। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आमित भास्कर सताम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पहले 207 सीटों पर सहमति बनी थी, जिसे अब बढ़ाकर पूरी 227 सीटों पर अंतिम समझौता कर लिया गया है। यह सीट बंटवारा बीजेपी, शिवसेना और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के बीच किया गया है, जिससे महायुति की रणनीति अब चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हो गई है।
बीजेपी 137 और शिवसेना 90 सीटों पर उतरेगी
बीजेपी के अमित भास्कर सताम ने बताया कि आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में बीजेपी 137 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है, जबकि शिवसेना 90 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश करेगी। महायुति के अन्य घटक दलों को इसी कुल 227 सीटों के भीतर शामिल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों की संख्या बढ़ाने की कोई योजना नहीं है और सभी दल तय कोटे के अनुसार ही चुनाव लड़ेंगे।
अमित सताम ने बताया कि महायुति आगामी चुनाव में संयुक्त प्रचार और अभियान चलाएगी। उनका कहना है कि “महायुति का उद्देश्य मुंबई महानगरपालिका में फिर से हिंदुत्व के भगवा झंडे को फहराना है। जनता के समर्थन और विश्वास से ही महायुति का उम्मीदवार महापौर पद पर काबिज होगा।”
‘सीट बंटवारे पर कोई असहमति नहीं’
महायुति के नेताओं ने स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे को लेकर किसी भी घटक दल में कोई नाराजगी या असहमति नहीं है। अमित सताम ने कहा कि सभी दलों के साथ विस्तृत और तकनीकी स्तर पर चर्चा हुई और हर चरण पर सभी पक्षों ने सहमति दी।
महायुति पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ मुंबई महानगरपालिका चुनाव में उतर रही है। बीजेपी, शिवसेना और RPI के बीच सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला तय हो चुका है, जिसे महायुति अपनी जीत की कुंजी मान रही है।





