नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनाव और बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) में हुई करारी हार के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पहली बार खुलकर पार्टी की स्थिति और चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नवनिर्वाचित नगरसेवकों को संबोधित करते हुए न केवल हार के कारणों पर बात की, बल्कि महायुति और शिंदे गुट पर भी कड़ा प्रहार किया।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि चुनाव में पार्टी की सफलता किसी एक चेहरे पर नहीं निर्भर करती। उन्होंने कहा “मैं सिर्फ चेहरा हूं, असली वास्तुकार तो वे लोग हैं जो गली-मोहल्लों में पार्टी के लिए खड़े रहे और विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा।” उन्होंने यह भी इशारा किया कि पार्टी की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों के बिना भविष्य में भी कोई सफलता संभव नहीं होगी।
उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर साधा निशाना
उद्धव ठाकरे ने बीजेपी पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने स्वीकार किया कि यह संघर्ष कठिन परिस्थितियों में लड़ा गया, जब सत्ता, संसाधन और संस्थागत ताकतें उनके पक्ष में नहीं थीं। उद्धव ने कहा कि उनके विरोधी यह मानते थे कि कागज और चुनाव चिन्ह छीनकर शिवसेना को खत्म किया जा सकता है, लेकिन “माटी से जुड़ी शिवसेना” को कोई मिटा नहीं सकता।
उन्होंने आगे कहा कि सत्ता पक्ष ने ‘शक्ति, पैसा और धमकी’ के सहारे लोगों को तोड़ने और दलबदल को बढ़ावा देने की कोशिश की। हालांकि, जिन्होंने पार्टी छोड़ी, वे भले ही सत्ता के साथ हों, लेकिन असली शिवसैनिकों की निष्ठा अब भी अडिग है और इसे किसी भी कीमत पर खरीदा नहीं जा सकता। उद्धव का कहना था कि पार्टी का विश्वास और मेहनत अब भी जमीनी स्तर पर मजबूत है।
पार्टी छोड़कर गए नेताओं पर भी बोला हमला
उद्धव ठाकरे ने भविष्य की योजनाओं पर भी बात की और कहा कि उनकी पार्टी का मेयर मुंबई में बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला भले ही ईश्वर के हाथ में हो, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी छोड़कर गए नेताओं पर निशाना साधते हुए उद्धव ने आरोप लगाया कि उन्होंने विश्वासघात कर जीत हासिल की और मुंबई को बाहरी ताकतों के हाथ गिरवी रख दिया, जिसे मराठी जनता कभी माफ नहीं करेगी।
”पैसा उनके पास, जज्बा हमारे पास”
संबोधन के अंत में उद्धव ठाकरे ने बताया कि यह लड़ाई बिना बड़े संसाधनों और सुविधाओं के लड़ी गई। उन्होंने जोर देकर कहा “हमारे पास दिल और जज्बा है, उनके पास सिर्फ पैसा।” उद्धव ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि एकजुटता बनाए रखे, यही एकता आने वाले समय में जीत दिलाएगी।





