इंदौर, 19 जून (हि.स.)। कलेक्टर मनीष सिंह के मार्गदर्शन में इंदौर ज़िले में 21 जून को टीकाकरण महाअभियान की व्यापक तैयारियां की जा रही है। यहां इसे उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से इसे सफल बनाया जाएगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ज़िले में लगभग एक हजार टीकाकरण केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी केंद्रों में ख़ास बात यह रहेगी कि यहाँ 18 प्लस, 45 प्लस और 60 वर्ष प्लस आयु वर्ग के सभी नागरिकों के ऑनलाइन टीकाकरण के साथ साथ ऑफ़लाइन टीकाकरण की व्यवस्था भी रहेगी। अर्थात जो भी व्यक्ति इन टीकाकरण केंद्रों में पहुँचेगा उसका मौक़े पर ही रजिस्ट्रेशन कर उसे टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण महाअभियान में लोकतंत्र के महोत्सव की तरह रहेगी व्यवस्थाएं कलेक्टर ने बताया है कि सभी टीकाकरण केंद्रों में व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस बाबत सभी नगरीय एवं स्थानीय निकायों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। 21 जून को व्यवस्थाएं लगभग उसी तरह रहेंगी जिस तरह लोकतंत्र के महोत्सव में मतदान दिवस के अवसर पर रहती है। टीकाकरण केंद्रों में पेयजल, छाया, टेंट, कुर्सी इत्यादि की व्यवस्था भी रहेंगी। टीकाकरण कार्य में संलग्न सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों और कम्प्यूटर आपरेटर के लिए नाश्ता, चाय-पानी,भोजन इत्यादि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से यह अपील की है कि वे इन टीकाकरण केंद्रों में आने वाले नागरिकों के लिए अपनी ओर से पेयजल एवं नाश्ते की व्यवस्था कर सकते हैं, इससे उन्हें टीकाकरण केंद्रों में सहूलियत मिल सकेगी। बहुत ज़रूरी है टीकाकरण- थर्ड लहर की है आशंका कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा है कि हमें आने वाले समय के लिए अभी से सचेत रहना चाहिए। एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया के अनुसार भी 6 से 8 सप्ताह में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जतायी गई है। ऐसे में हम सभी के लिए यह बेहद ज़रूरी हो जाता है कि प्रत्येक नागरिक का टीकाकरण हो जाए। कलेक्टर ने इस चेतावनी को देखते हुए ज़िले के सभी नागरिकों से अपील की है कि 21 जून को टीकाकरण के इस महा अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और टीकाकरण करवायें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि ये सभी टीकाकरण केंद्रों में प्रथम एवं द्वितीय दोनों डोज की व्यवस्था रखी गई है। प्रत्येक विधानसभावार क्षेत्र अनुसार टीकाकरण केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। केन्द्र पर आए प्रत्येक नागरिक का टीकाकरण होने के उपरांत ही सत्र का होगा समापन कलेक्टर ने बताया कि ज़िले में बनाए गए सभी टीकाकरण केंद्रों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को प्रेरक के रूप में जोड़ा गया है। सभी प्रेरक 21 जून को प्रातः आठ बजे से टीकाकरण केंद्रों में आएंगे और नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करेंगे। टीकाकरण प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगा तथा जितने भी लोग केंद्र में आएंगे उन सभी का टीकाकरण करने के उपरांत ही टीकाकरण सत्र का समापन होगा। टीकाकरण केंद्रों में 21 जून को लगभग उसी तरह की व्यवस्था रहेगी जिस तरह से मतदान दिवस के अवसर पर व्यवस्थाएं रहती है। टीकाकरण केंद्रों में टेंट और कुर्सी की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि यहाँ आने वाले नागरिकों को छाया उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि इन्दौर ज़िले में 55 प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। उनका यह भी कहना है कि आम जन एवं समाज के सहयोग से इंदौर जिला जून माह के अंत तक 80 प्रतिशत से ज़्यादा लोगों का टीकाकरण करने में सफल रहेगा। टीकाकरण हेतु आधे दिन का सवैतनिक अवकाश देने की कलेक्टर ने की अपील कलेक्टर मनीष सिंह ने ज़िले के सभी शासकीय और निजी कार्यालयों एवं व्यावसायिक संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे 21 जून को टीकाकरण के महाअभियान दिवस पर अपने यहाँ कार्यरत व्यक्तियों को टीकाकरण की अनुमति प्रदान करें और उन्हें इसके लिये आधे दिन का सवैतनिक अवकाश स्वीकृत करें। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




