इंदौर, 28 मार्च (हि.स.)। शहर में कर्ज नहीं चुका पाने पर सूदखोरों ने सर्राफा व्यापारी के बेटे को पीट-पीट कर मार डाला। मृतक शनिवार से लापता था और परिजनों ने उसकी शिकायत थाने में की थी। रविवार सुबह उसका शव सनवादिया गांव में मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी अनुसार, इंदौर में एरोड्रम थानांतर्गत व्यंकटेश नगर निवासी सर्राफा कारोबारी दिनेश सर्राफ और उनका बेटा अभिषेक सर्राफा का कारोबार करते हैं। उनका दूसरा बेटा ढाबा संचालित करता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद से काम में घाटा होने के कारण उसने ढाबा बंद कर कालानी नगर स्थित औषधि भंडार में नौकरी करना शुरू कर दिया था। शनिवार को भी वह रोजाना की तरह घर से अपने काम पर निकला था लेकिन दोपहर मेें खाने का टिफिन भेजने पर पता चला कि वह ऑफिस नहीं पहुंचा। इसके बाद अरविंद के भाई अभिषेक ने एरोड्रम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस बीच शनिवार दोपहर के करीब अरविंद का अपनी पत्नी को फोन आया और उसने बताया था कि उसे कृष्णा ने किडनैप कर लिया है और अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक अरविंद का कृष्णा मालवीय नामक व्यक्ति के साथ पैसों का लेन-देन था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपित कृष्णा से भी फोन पर बात की और थाने आने को कहा। लेकिन देर रात तक ना कृष्णा और ना ही अरविंद पहुंचे। इसके बाद रविवार सुबह अरविंद का शव खुड़ैल थाना क्षेत्र के सनावदिया गांव में बरामद हुआ। अरविंद के शव को देखकर लग रहा था कि उसे बुरी तरह पीटा गया था और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही अरविंद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि अरविंद ने रुपये अपने किसी जानकार को दिलाए थे. लेकिन वो तो भाग गया लेकिन कृष्णा अरविंद के पीछे पड़ गया। फिलहाल मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय




