भिण्ड, 14 मार्च (हि.स.)। कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस सार्वजनिक वितरण प्रणाली समीक्षा बैठक में अनुविभागीय अधिकारियों को दिए गए निर्देश के क्रम में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी उदयसिंह सिकरवार ने शा.उ.मू.दु.पुर, नहारा एवं भदाकुर के सेल्समेन को कार्य में लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सिकरवार ने रविवार को बताया कि शासकीय उचित मूल्य दुकान पुर, नहारा एवं भदाकुर द्वारा खाद्यान्न प्राप्त करने के उपरांत पीओएस मशीन में दर्ज नहीं किए जाने और ना ही वितरण करने तथा शासकीय उचित मूल्य दुकान भदाकुर के सेल्समेन द्वारा स्वेच्छा से दुकान छोडऩे के कारण तीनों के सेल्समेन को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के कार्य से पृथक करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। शासकीय उचित मूल्य दुकान पुर की वितरण व्यवस्था समिति प्रशासक/सेवा सहकारी संस्था पुर एवं शासकीय उचित मूल्य दुकान नहारा व भदाकुर की वितरण व्यवस्था समिति प्रशासक/सेवा सहकारी संस्था नहारा को जिम्मेदारी दी गई है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




