भोपाल, 24 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीना के ग्राम चक्क आगासौद बीना रिफाइनरी के पास बनने वाले एक हजार बिस्तर के अस्थाई कोविड अस्पताल की तैयारियों की जानकारी ली। नगरीय विकास और आवास मंत्री एवं कोविड अस्पताल के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौहान को अस्पताल के प्रगति कार्यों से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि सागर जिले की बीना रिफाइनरी ने कोविड-19 मरीजों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की है। ऑक्सीजन का परिवहन न करना पड़े इसके लिए बीना रिफाइनरी संयंत्र के पास ही यह 1,000 बिस्तर का अस्थायी अस्पताल बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह को बीना रिफाइनरी (आगाशोध चक्क) के पास बन रहे 1,000 बिस्तर के अस्थाई कोविड अस्पताल के निर्माण कार्यों की समस्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब नगरीय विकास एवं आवास मंत्री सिंह रविवार को दोपहर 1 बजे बीना पहुंचकर अस्थाई कोविड अस्पताल का स्थल निरीक्षण कर प्रगति कार्य और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मंत्री भूपेन्द्र सिंह संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. मयंक चतुर्वेदी




