गुना 18 मार्च (हि.स.) । शहर की सडक़ें लंबे समय से दुर्दशा की शिकार हैं। जहां सडक़ें जगह-जगह से उखड़ी हुईं है तो उनमें गड्ढे भी हो गए हैं। यह स्थिति प्रमुख मार्गों के साथ ही गली-मोहल्लों की सडक़ों की है। जिससे आवागमन में समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही वाहन चालक दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं। अगर जल्द ही इनकी मरम्मत नहीं कराई जाती है तो बारिश में दिक्कत और बढ़ेगी। जब गड्ढों में पानी भरने के साथ ही कीचड़ मचेगी। मरम्मत के नाम पर की खानापूर्ति शहर की सडक़ों की दुर्दशा लगातार हुई खुदाई के कारण हुई है। गैस पाइप लाइन डालने, निजी मोबाइल कंपनी द्वारा केबल बिछाने के साथ ही सीवर लाइन डालने के लिए सडक़ों को सिलसिलेवार तरीके से खोदा गया। यह खुदाई मनमाने तरीके से की गई और इसमें न तो सडक़ों की दुर्दशा का ख्याल किया गया और न ही लोगों की समस्याओं की ओर ध्यान दिया गया। मरम्मत के नाम पर भी खानापूर्ति ही की गई। न तो मार्ग को समतल किया गया और न ही सीमेन्ट, भसुआ का उचित मात्रा में इस्तेमाल किया गया। जिससे सड़क़ें ऊँची-नीची होने के साथ ही उनमें गड्ढे भी हो गए है। जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है तो लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे है। और गंभीर होगी स्थिति सडक़ों की खराब हालत के कारण हो रही समस्या अभी फिर भी नियंत्रण में है, किन्तू आने वाले समय में स्थिति और गंभीर रुप में सामने आएगी। यह गंभीर स्थिति बारिश के मौसम में बनेगी। सडक़ों के गड्ढे में पानी भरा होने से उनकी गहराई का पता नहीं चलेगा, वहीं ऊँची-नीची सडक़ होने के साथ ही पानी से फिसलन पैदा होने से हादसे होते रहेंगे। इसलिए जरुरी है कि बारिश से पहले इन सडक़ों की मरम्मत कराई जाए। सलूजा ने लिखा कलेक्टर को पत्र सड़कों की दुर्दशा के कारण लोगों की समस्या को समझते हुए पूर्व विधायक राजेन्द्र सलूजा ने इसको लेकर कलेक्टर को एक पत्र लिखा है। पत्र में विभिन्न सडक़ों का उल्लेख करते हुए उनकी मरम्मत की मांग की गई है। पत्र के मुताबिक बैजू चौराहे से माथुर, धाकड़ कॉलोनी की मुख्य सडक़ लंबे समय से जर्जर हालत में है। यह सड़क 10 से 15 कॉलोनियों को जोड़ती है, वहीं पुरानी गल्ला मंडी की चारों ओर की सडक़ों की हालत खराब है। इसी क्रम में सांई टाउन शिप कॅालोनी, भुल्लनपुरा, बजरंगगढ़ मार्ग, बायपास वार्ड क्रमांक 20 बीच-बीच में सडक़ निर्माण छूटा हुआ है। अगर इन सड़कों का डामरीकरण कराया जाता है तो आमजन को काफी राहत मिलेगी। इसी तरह विवेक कॉलोनी में तीन सडक़ें डामर से छूट गई। यहां एक टेंडर पहले का है। उक्त तीनों सडक़ों पर डामरीकरण होने से लोगों का आवागमन में आसानी होगी। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




