रतलाम, 15 मार्च (हि.स.)। केंद्र की महत्वकांक्षी जनहितैषी योजनाओं से क्षेत्रवासियों को लाभांवित करना, क्षेत्र का चौमुखी विकास करना ही मेरा लक्ष्य है। लोगों को रोजगार मिले, तेजी से औद्योगिक विकास हो तथा शहर को हवाई सेवाओं से जोडऩे के लिए हवाई अड्डे का निर्माण करवाया जाएगा। यह बात सांसद गुमानसिंह डामोर ने सोमवार को दीनदयाल विचार मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि शहर को महानगर का स्वरुप दिलाने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की गई है, जिसका लाभ आने वाले समय में नागरिकों को मिलेगा। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी अनेक योजनाएं केेंद्र व राज्य सरकार ने प्रारंभ की है, जिसका लाभ यहां के खिलाडिय़ों को मिले इसके लिए भी मैं प्रयत्नशील हूं। उन्होंने दीनदयाल विचार मंच द्वारा विगत कई वर्षों से आयोजित रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की और कहा कि ऐसी संस्थाओं को समाज के विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें हर संभव सहायता करना चाहिए ताकि हमारे शहर का देश-प्रदेश में नाम हो सके। विगत दस वर्षों में कई रचनात्मक व सेवा कार्य किएः चौटाला मंच के अध्यक्ष अशोक चौटाला ने सांसद डामोर का स्वागत करते हुए उम्मीद की है कि इनके कार्यकाल में क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेगी और विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। संस्था की गतिविधियों से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों में चिकित्सा शिविर, प्रतिभाओं का सम्मान, रक्तदान शिविर आयोजित किए और कोरोना काल में नागरिकों को सामाजिक दूरी और मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया तथा विभिन्न बस्तियों में पांच हजार से अधिक मास्क वितरित किए। हिन्दुस्थान समाचार/ शरद जोशी




