गुना, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने योग्यता के अनुरुप पदनाम और वेतनमान देने की मांग की है। संघ ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम संगठन ने 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है, जिसमें मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की बात कही गई है। प्रदेशाध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसौदिया, प्रदेश महामंत्री हेमंत श्रीवास्तव के नेतृत्व में बुधवार को सौंपे गए मांग पत्र में शासकीय कर्मचारियों की रोकी गई वेतनवृद्धि मय एरियर के तत्काल प्रारंभ करने, केन्द्र के समान डीए देने, अनुकंपा नियुक्ति शीघ्र प्रदान करने, विभागों में कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान करने, संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, अध्यापक संवर्ग के रुके हुए क्रमोन्नति आदेश जारी करने, अंशदायी पेंशन के स्थान पर पुरानी पेंशन लागू करने, शिक्षा विभाग में शिक्षकों को वेतमान के अनुसार पदनाम देने सहित आदि मांगे शामिल है। मांगें नहीं मानने पर संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। जिसमें 25 मार्च को तहसील, ब्लॅाक स्तर पर, 8 अप्रैल को जिला स्तर पर एवं 21 अप्रैल को प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




