महिला सहित तीन ईनामी एवं दो संदिग्धों को पुलिस ने दबोचा गुना 07 मार्च (हि.स.) । पुलिस ने ग्राम बीलाखेड़ी में दबिश देकर 23 हजार रुपए के फरार तीन इनामी बदमाश सहित दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गांव से लावारिश हालत में एक दर्जन मोटर सायकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ पारदी बहुल ग्राम बीलाखेड़ी में दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने 23 हजार रुपए के फरार तीन इनामी कोहिनूर पारदी, संतोष पारदी, सगुन बाई उर्फ सुमन पारदी के अलावा दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गांव से एक दर्जन बाइक भी जब्त की गई हैं। एसपी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोहिनूर पारदी निवासी ग्राम छोटी कनारी थाना धरनावदा पर पुलिस पार्टी पर हमला, हत्या का प्रयास, लूट सहित अन्य कई मामले दर्ज हैं। एसपी द्वारा दो मामलों में दस एवं पांच हजार रुपए का ईनाम घोषित था। इसी तरह संतोष पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा पर पुलिस पार्टी पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा, लूट सहित अन्य मामले दर्ज हैं। जिस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। सगुन बाई उर्फ सुमन पत्नी जंगू पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा पर पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने सहित कई अन्य मामले दर्ज थे। जिसके चलते आरोपी पर तीन हजार रुपए का ईनाम घोषित था। कार्यवाही के बाद एसपी मिश्रा द्वारा गांव की महिलाओं को ग्राम सरपंच की मौजूदगी में एकत्रित कर समझाइश दी गई कि वह इस तरह के गलत रास्ते छोडक़र अच्छी दिशा में सही कार्य करें। इसमें शासन-प्रशासन पूरी तरह से आपकी मदद करेगा। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




