गुना, 26 जून (हि.स.)। नगर परिषद चांचौड़ा-बीनागंज के वार्ड क्रमांक 15 में सीसी रोड नहीं बनने से वार्डवासी परेशान हैं। लोगों को घरों के आगे कीचड़ जमा होने से वहां पर निकलना मुश्किल है। कई बार नगर पालिका सीएमओ को अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे वार्ड वासियों में रोष व्याप्त है। वार्ड वासी मेहताब विश्वकर्मा, महेश मीणा, भजन मीणा, सुंदर लाल सेन, का कहना है कि हमारे गली वार्ड नंबर 15 मोहन मीना वाली गली में गंदे पानी की निकासी न होने से गंदा पानी बीच सड़क पर जमा हो रहा है। जिससे हमारे घरों के सामने गंदगी फैल रही है। इस वजह से बच्चे वह न तो बाहर घूमने जा पाते हैं और न ही घरों के सामने खेल पाते हैं। घरों के सामने गंदगी होने से बीमारी का खतरा बढ़ गया है गंदे पानी और कीचड़ की बदबू घर में अंदर तक भी जाती है। वार्ड नंबर 15 मोहन वाली गली में सीसी रोड खरंजा बहुत पुराना है उसकी मरम्मत नहीं होने से और नाली निर्माण ना होने से गंदगी पूरे मोहल्ले में कीचड़ हो जाता है। नल जल योजना के तहत सीसी खरंजा की खुदाई हुई थी, उसके बाद ना तो अभी तक उसमें नल चालू हुए हैं और ना ही उसकी मरम्मत का कार्य किया गया है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद होने के बावजूद भी ऐसा लगता है कि किसी ग्रामीण इलाके में रह रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




