उज्जैन, 25 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के लिए लगातार प्रयाास किए जा रहे हैं। इस बीच चरक कोविड सेंटर के बाहर विक्षिप्त महिला द्वारा संक्रमण को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को इस ओर ध्यान देकर महिला को कोविड सेंटर से दूर करना होगा। जानकारी के अनुसार कुछ दिनों से एक विक्षिप्त महिला ने चरक भवन कोविड सेंटर के बाहर नेताजी सुभाषचंद्र बोस प्रतिमा के समीप अपना डेरा जमाकर अपनी गृहस्थी शुरू कर दी है। महिला द्वारा कई गंदे कपड़े प्रतिमा उद्यान की रेलिंग पर डाल दिए गए हैं। वह दिनभर इधर-उधर से गंदे कपड़े भी एकत्रित कर लाती है और यहीं जमा कर देती है। चरक भवन कोविड सेंटर के आसपास पॉजीटिव मरीजों के परिजनों की भीड़ सुबह से लेकर देर रात तक जमा रहती है और वह अपने परिजनों के स्वास्थ को लेकर चिंतित बने रहते हैं। जिसके चलते वह कई बार उक्त उद्यान में भी शाम के समय थकान मिटाने के लिए बैठ जाते हैं। लेकिन महिला द्वारा गंदे कपड़ों के ढेर की वजह से वह बैठ नहीं पाते हैं। कपड़ों से उड़ती दुर्गंध लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। नगर निगम आयुक्त को इस मामले में संज्ञान लेकर कोविड सेंटर के समीप विक्षिप्त महिला द्वारा फैलाई जा रही गंदगी को साफ करवाने के आदेश निगम कर्मचारियों को देना होंगे। नहीं तो महिला द्वारा गंदगी के साथ यहां संक्रमण को बड़े स्तर पर फैलाया जा सकता है। महिला को कुछ जागरूक नागरिकों ने समझाने का प्रयास भी किया था लेकिन उसकी हरकतों की वजह से वह चुप होकर लौट गए। महिला का डेरा देख रात के समय अन्य भिक्षुक भी यहां पहुंच जाते हैं। हिंदुस्थान समाचार/गजेंद्र सिंह तोमर




