होशंगाबाद, 14 जून (हि.स.)। पदीय कर्तव्यों के निर्वहन एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत मोहगांव के सचिव अर्जुन यादव को जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। सोमवार को जारी आदेश में उल्लेखित किया गया है कि ग्राम पंचायत सचिव यादव द्वारा ग्राम मोहगांव के 6 बीपीएल हितग्राहियों के मृत्यु पर अंत्येष्टि सहायता राशि के समुचित वितरण में लापरवाही बरती गई। साथ ही सचिव द्वारा मनरेगा योजनान्तर्गत मानव दिवस सर्जित किए जाने के लक्ष्य के विरुद्ध बहुत कम प्रगति प्राप्त की गई। ग्रामीणों द्वारा भी सचिव की लगातार सीएम हेल्पलाइन एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष शिकायत की जाती रही है। सचिव द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति कोई रुचि नहीं ली गई, साथ ही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का हितग्राहियों को लाभ दिलाने में लापरवाही बरती गई है । इस आधार पर सचिव अर्जुन यादव को पदीय दायित्व के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने पर मध्यप्रदेश पंचायत सेवा अनुशासन तथा अपील नियम 2011 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




