मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के साथ किया योग भोपाल, 21 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग से हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। योग हमारे शरीर को अनेक बीमारियों से लड़ने की क्षमता देता है। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भी योग करें और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा भी बनाएँ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा है कि शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् अर्थात शरीर स्वस्थ और निरोग रहे, इसकी कला है योग। इस योग को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के साथ दुनिया में प्रतिष्ठित किया है। आज दुनिया के 193 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कर रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि योग करते रहिये और वैक्सीन भी अवश्य लगवाइये, क्योंकि यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। सभी विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आप वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लें, तो कोविड-19 संक्रमण नहीं होगा और यदि हुआ भी तो शरीर उसका मुकाबला कर लेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारे ऋषियों-मुनियों ने योग का हम सबको जो अप्रतिम ज्ञान दिया है, हम उसे ना भूलें। दुनिया भी अब योग के रास्ते पर जा रही है। आपसे आग्रह है कि निरोग रहने के लिए के केवल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नहीं, नित्य योग कीजिये। आपको अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं! उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में नई पहचान मिली और योग का लाभ विश्व के अधिक लोगों को मिलना प्रारंभ हुआ। प्रधानमंत्री जी के इस विश्व के कल्याणकारी कदम के लिए हृदय से अभिनंदन! उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति की अमूल्य विद्या ‘योग’ विश्व का कल्याण करती है। योग गुरु महर्षि पतंजलि, परमहंस योगानंद, बाबा रामदेव जैसे अनेक योग गुरुओं ने अपने प्रयासों से योग विद्या को जन-जन तक पहुंचाकर सदैव स्वस्थ रहने का आशीर्वाद दिया है। योग से शारीरिक एवं मानसिक शांति मिलती है और यह निरोग तथा स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। अत: आपसे आग्रह है कि नित्य योग कीजिये और सदैव स्वस्थ रहिये। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




