legislative-assembly-speaker-girish-gautam-gets-membership-of-newly-elected-mla-ajay-tandon
legislative-assembly-speaker-girish-gautam-gets-membership-of-newly-elected-mla-ajay-tandon

नवनिर्वाचित विधायक अजय टंडन को विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने दिलाई सदस्यता

भोपाल, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट पर हाल ही में हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस विधायक अजय टंडन ने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता ली। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपध दिलाई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस नेता अजय सिंह, पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति शपथ ग्रहण में मौजूद रहे। कांग्रेस की तरफ से उपचुनाव जीतने वाले अजय टंडन पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राहुल सिंह लोधी को 17 हजार 89 वोटों से हराया है। इससे पहले भी अजय टंडन दो बार कांग्रेस की तरफ से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन पहले दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने उपचुनाव में तीसरी बार उन पर विश्वास जताया और इस बार अजय टंडन चुनाव जीतने में कामयाब रहे। कांग्रेस विधायक की शपथ के बाद नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने विधानसभा अध्यक्ष को धन्यवाद ज्ञापित किया। कमलनाथ ने कहा यह एक संदेश है, प्रजातंत्र में कई चुनाव होते हैं सभी के अलग मायने हैं, ये हमारे संविधान की खूबी है विश्व में ऐसा कोई और संविधान नहीं है। ये एक सदस्य और पार्टी की नहीं ये हमारे संविधान की जीत है, इसी से हम देश को सन्देश देते हैं कि हमारे संविधान की नींव अभी भी मजबूत है, इसके लिये संविधान निर्माता धन्यवाद के पात्र हैं। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा के 126 विधायक हैं, जबकि अजय टंडन की जीत के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की सदस्य संख्या बढ़कर 95 हो गई है। इनके अलावा बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in