खंडवा, 02 मार्च (हि.स.)। खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं प्रदेश के लोकप्रिय जन नेता क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हर समय शामिल होने वाले हर समाज, हर सामाजिक संस्था के कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले सरल, सहज, मधुर वाणी के धनी नंदू भैया अब हमारे बीच नहीं रहे। कोरोना महामारी ने भैया को हमसे दूर कर दिया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को शाहपुर में विधि विधान से किया जाएगा। बता दें कि 11 जनवरी को तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में एक कार्यक्रम करने के पश्चात गले में खराश के कारण खंडवा आकर उन्होंने अपना सेंपल दिया था। शाम 4 बजे टेस्ट में वे कोरोना पाजिटिव पाए गए। तत्पश्चात वह इलाज के लिए भोपाल रवाना हुए। परिजनों के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नंदू भैया के इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी। खंडवा में कोरोना पाजिटिव आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें भोपाल बुलाया और इलाज शुरू करवाया। भोपाल में स्वास्थ्य में सुधार न होने के उपरांत मुख्यमंत्री ने स्वयं दिल्ली के डाक्टरों से चर्चा कर उन्हें उच्च इलाज के लिए परिजनों के साथ दिल्ली के प्रसिद्ध मेदांता हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां वरिष्ठ डाक्टरों की देखरेख में लगातार उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था, वह आज हमारे बीच नहीं रहे। सोमवार रात्रि में नंदू भैया का दुखद निधन हो गया। दिल्ली से प्लेन के माध्यम से उनके पार्थिव शरीर को शाम 7 बजे भोपाल लाया गया। यहां पार्टी कार्यालय मैं कुछ समय दर्शनार्थ पार्थिव शरीर को रखा गया। इसके पश्चात भोपाल से उनके पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से सतवास पुनासा मार्ग होते हुए रात्रि में खंडवा लाया जाएगा । जहां उनके पार्थिव शरीर को खंडवा में दर्शनार्थ रखने के पश्चात बुरहानपुर के शाहपुर ले जाया जाएगा। बुधवार दोपहर 12 बजे उनके निवास से अंतिम यात्रा निकलेगी। प्रमुख मार्गों से होकर नंदू भैया के खेत मैं पहुंचेगी जहां उनका विधि विधान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। क्षेत्र की जनता के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। निमाड सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र में शोक की लहर नंदू भईया के नाम से प्रसिद्ध खंडवा लोकसभा से सांसद व मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान के निधन के समाचार से निमाड़ सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता व आमजन स्तब्ध रह गए। 45 वर्ष की राजनीतिक पारी स्वर्गीय नंदकुमारसिंह चौहान का जन्म बुरहानपुर जिले के शाहपुर नगर में 8 सितम्बर 1952 को हुआ था। स्वर्गीय चैहान की प्रारम्भिक शिक्षा अपने गृहनगर शाहपुर में हुई। प्रारम्भिक शिक्षा के बाद सेवा सदन महाविद्यालय बुराहनपुर से स्नातक की डिग्री हासिल की। नंदू भईया ने युवावस्था में अपने गृहनगर शाहपुर नगरपरिषद में पार्षद निर्वाचित होकर अपनी राजनीतिक यात्रा प्रारम्भ की। लगभग 45 वर्ष की राजनीतिक पारी में वे 3 मर्तबा शाहपुर नगरपरिषद के अध्यक्ष रहे , 2 मर्तबा बुरहानपुर के विधायक रहे तथा खंडवा लोकसभा क्षेत्र से 6 बार सांसद निर्वाचित होकर लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभाओं का नेतृत्व किया वही 2009 से 2013 तक मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ परमानंद/राजू




