भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं मप्र किसान कांगे्रस के मीडिया प्रभारी फिरोज सिद्धीकी ने खाद की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का विरोध करते हुए बढ़े हुये कीमत को तुरंत वापस लिये जाने की मांग राज्य सरकार से की है। उन्होंने कहा है कि डीएपी व प्रमुख खाद पर एक मुश्त 700 रुपये की बढ़ोतरी प्रदेश के किसान भाईयों के साथ अमानवीय रवैया है। कांग्रेस नेता फिरोज सिद्दीकी शुक्रवार को मीडिया को जारी अपने बयान में कहा कि किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार से मांग की है कि यदि डीएपी व अन्य खाद के दाम तुरंत वापस नहीं हुए तो वे समूचे प्रदेश में एक बड़ा प्रदेशव्पारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को जहां फसलों के उचित दाम तक नहीं मिल रहे हैं वहीं डीजल और खाद के दामों में बढोतरी करने से किसानों के लागत मूल्य में वृद्धि होगी। जिसका सीधा असर किसान की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। किसान पहले से ही बदहाल है खाद की कीमतों में बढोतरी कर उस पर ओर अधिक आर्थिक संकट डालने का काम राज्य सरकार कर रही है। कांग्रेस नेता ने बताया कि खाद की कीमतों को तुरंत वापस लिये जाने की मांग को लेकर आगामी सप्ताह में किसान कांग्रेस राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन संपूर्ण जिलों के जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर, एसडीएम आदि को सौंपेगी। इस संबंध में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने किसान कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी किये हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय




