झाबुआ, एजेंसी। झाबुआ जिले के बामनिया में शुक्रवार को मानव के एक मृत भ्रूण को कुत्तों द्वारा नोचने का मामला सामने आया है। घटना के सामने आते ही वहां दहशत फैल गई और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा बना कर भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानव भ्रूण नगर के बस स्टैंड के पीछे कचरे के ढेर में मिला भ्रूण
उक्त बीभत्स घटना के बाद वहां जमा हुए लोगों द्वारा आशंका जताई गई है कि भ्रूण संभवतया किसी अवैध संबंधों की उपज है, जिसे लोक मर्यादा के भय से इस तरह कचरे के ढेर पर फेंक दिया गया। मानव भ्रूण नगर के बस स्टैंड के पीछे कचरे के ढेर पर देखा गया था, जिसे कुत्ते उठाकर बाजार में स्थित प्याऊ पर ले आए। मौके पर जमा हुए लोगों ने भ्रूण को कुत्तों के कब्जे से मुक्त कराया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंच गई और भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी, पेटलावद, राजूसिंह बघेल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा त्वरित रूप से मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। ओर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया जाएगा।





