इंदौर, 19 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना महामारी के असर और लॉकडाउन के कारण लोगों में तनाव बढ़ने लगा है। इंदौर में रविवार को ऐसी ही दो घटनाएं हुईं। एक मामले में एक महिला के थूकने पर पड़ोसी ने उसे पीट दिया, तो वहीं कॉलोनी में घूम रहे एक किशोर पर पड़ोसी महिला ने कुत्ता छोड़ दिया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच में लिए हैं। विजय नगर पुलिस ने अंजनीनगर निवासी महिला स्वाति की शिकायत पर पड़ोसी दिलीप के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने लड़के को आवाज दे रही थी। अचानक थूक आने के कारण उसने रास्ते में थूक दिया। वहां से गुजर रहे पड़ोसी दिलीप को यह बात नागवार गुजरी। उसने महिला को कहा कि तू मुझे देखकर थूक रही है। महिला ने समझाया तो वह नहीं माना और अपशब्द कहने लगा। विवाद बढ़ा तो उसने महिला पर मुक्के बरसा दिए। इतना ही नहीं वह इतने गुस्से में था कि उसने घर से सब्बल लाकर महिला पर हमला कर दिया। सब्बल महिला की जांघ पर लगा है। वहीं, पलासिया पुलिस ने बड़ी ग्वालटोली में रहने वाले नाबालिग प्रिंस की शिकायत पर कुत्ता मालिक सुभाष की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह इलाके में घूम रहा था, तभी सुभाष अंकल की पत्नी ने अपने पालतू कुत्ते को छू कर दिया। कुत्ता दौड़कर आया और पैर की पिंडली पर काट लिया। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे




