इंदौर, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिली हरीझंडी के बाद गुरुवार रात पुलिस ने भूमाफिया बॉबी छाबड़ा की घेराबंदी कर दी। देर रात बॉबी के गुर्गे सज्जू उर्फ सज्जाद पर अड़ीबाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। सज्जू पर जागृति गृह निर्माण सहकारी संस्था में गड़बड़ी कर 40 से ज्यादा लोगों के प्लॉट हड़पने का आरोप है। इस संस्था में बॉबी का सीधा हस्तक्षेप है और फर्जी तरीके से जमीन बेचने के आरोपों की जांच चल रही है। माणिकबाग निवासी सज्जाद को खजराना थाना पुलिस ने बुधवार रात ही हिरासत में ले लिया था। गुरुवार दोपहर तक उससे न्यायनगर जमीन घोटाले में पूछताछ चलती रही। शाम को आरोपित ने खुद कबूला कि वह पार्श्वनाथनगर में जमीन खरीदने बेचने में सक्रिय है और भूमाफिया बॉबी छाबड़ा से जुड़ा हुआ है। यह जमीन जागृति गृह निर्माण सहकारी संस्था की है। पुलिस ने उसके विरुद्ध लंबित जांचें खंगाली और देर रात सलीम खान की शिकायत पर सज्जाद के खिलाफ धोखाधड़ी व अड़ीबाजी का केस दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक सज्जाद पर आरोप है कि उसने सलीम सहित करीब 4 सदस्यों के प्लॉट के फर्जी पेपर तैयार कर लिए और कब्जा कर दूसरे से सौदा कर दिया। अन्य आरोपितों की भूमिका स्पष्ट नहीं होने से अन्य को नामजद नहीं किया लेकिन सज्जाद बॉबी से जुड़ा है, इसके प्रमाण पुलिस के हाथ लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक सज्जाद की गिरफ्तारी के बाद एक टीम गोपनीय ढंग से बॉबी की रैकी करने पहुंची लेकिन वह घर से गायब मिला। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे




