गुना, 31 मई (हि.स.) । कोरोना कर्फ्यू के दौरान सबसे ज्यादा मजदूर और छोटे दुकान प्रभावित हुए हैं। इस दौरान इन लोगों की कमाई बिल्कुल बंद हो गई। जैसे-तैसे घर में रहकर किसी तरह दिन काट रहे हैं, लेकिन आपदा के साथ विपदा ने कमर तोड़ दी। यह वाकया हुआ है हरिनंदन कॉलोनी निवासी सुनील रजक के साथ। सुनील यहां अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं। सोमवार सुबह अचानक चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में आग गई। आगजनी की इस घटना में सुनील की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई है। सुनील रजक के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जब उनकी पत्नी गैस पर चाय बनाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेग्युलेटर से आग की लपटें उठने लगी। सुनील रजक कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग की लपटों ने रौद्र रूप धारण कर लिया। सुनील ने कपड़ा डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में पड़ोसियों की सलाह से सिलेंडर पर बजरी डाली गई और आग बुझ सकी। आगजनी की इस घटना में सुनील के घर रखे टीवी, फ्रिज, मिक्सी सहित कपड़े भी जल गए। आगजनी की घटना में अपनी गृहस्थी खो चुके सुनील पर मकान मालिक घर रिपयेरिंग करने का दबाव बना रहा है। मकान मालिक का कहना है कि पहले पूरे घर की मरम्मत कराओ तब घर में रहने दूंगा। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




