-इंदौर पहुंचे कमलनाथ ने कांग्रेस नेताओं से चर्चा की भोपाल, 05 मई (हि.स.)। मप्र पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को छिंदवाड़ा से होकर इंदौर आए। उनके साथ सांसद नकुल नाथ भी थे। इंदौर विमानतल पर उन्होंने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, विधायक विशाल पटेल, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव और शेख अलीम से इंदौर के वर्तमान हालातों पर चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने कमलनाथ को इंदौर की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार जानकारी दी। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि इंदौर में अस्पतालों में ना बेड मिल रहा है, ना बेहतर इलाज मिल रहा है, ना ऑक्सीजन है और ना जीवन रक्षक दवाइयां व इंजेक्शन उपलब्ध है। जनता इसके अभाव में दर-दर भटक रही है, सैकड़ों लोगों की प्रतिदिन मौत हो रही है। वहीं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन भाजपा के मंत्री, विधायक व भाजपा नेताओं के घर से बंट रहे हैं, जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल रहे हैं और भाजपा नेताओं से जुड़े हुए लोग ही इसकी जमकर कालाबाजारी कर रहे हैं। विधायक विशाल पटेल ने कमलनाथ को बताया कि कई लोग इस कोरोना महामारी में सहयोग देना चाहते हैं। ऑक्सीजन प्लांट लगाना चाहते हैं लेकिन उन्हें अनुमति प्रदान नहीं की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना अस्पतालों की व संसाधनो की भारी कमी है। विधायक संजय शुक्ला व विनय बाकलीवाल ने इंदौर की वर्तमान स्थिति बताते हुए बताया कि प्रशासन कांग्रेस के लोगों को क्राईसेंस कमेटी की बैठक तक में नहीं बुलाता है, ना प्रशासन के लोग उनके फोन उठाते हैं और ना सहयोग करते है। जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना की बढ़ती भयावह स्थिति व बढ़ते मौत के आँकड़ो से कमलनाथ को अवगत कराया। कमलनाथ ने सारी बातें सुनने के बाद कहा कि अभी यह अवसर राजनीतिक आंदोलन प्रदर्शन करने का तो है नहीं। हम जिला प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखें। इस संकट काल में हम जनता के सुख दुख में खड़े होकर जरूरतमंदों की पूरी ताकत से मदद करें। इंदौर शहर की एक गौरवशाली परंपरा है कि शहर के उद्योगपति -व्यापारी -दानदाता बढ़-चढक़र गरीब, पीडि़त, जरूरतमंदों की मदद करते हैं, आप लोग उनसे भी सहयोग लेकर जरूरतमंदों की मदद करें। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के कृत्य को जनता खुली आंखों से देख रही है, वह यह सच्चाई देख रही है कि जिस इंजेक्शन की उसे आवश्यकता है वह भाजपा नेताओं के घरों में आसानी से उपलब्ध है, तमाम सुविधाएं भाजपा नेताओं को ही मिल रही है और आज जनता इलाज, बेड, ऑक्सीजन और इंजेक्शन के अभाव में दम तोड़ रही है। जनता यह कभी नहीं भूलेगी और भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय




