भोपाल, 22 मार्च (हि.स.)। दमोह विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के संगठन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव को विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। दमोह विधानसभा सीट यहां से कांग्रेस के तत्कालीन विधायक द्वारा इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से रिक्त हुई है। इसीलिए भाजपा इस सीट को हर कीमत पर जीतना चाहती है। हालांकि कांग्रेस के पूर्व विधायक को ही उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने से भाजपा खेमे में असंतोष भी देखने को मिल रहा है। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने दमोह विधानसभा उपचुनाव हेतु मंत्रिमंडल के सदस्य के तौर पर वरिष्ठ मंत्री गोपाल भार्गव को उपचुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। संगठनात्मक रूप से मंत्री भूपेंद्रसिंह को उपचुनाव प्रभारी के तौर पर पूर्व में ही नियुक्त किया जा चुका है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे




