जबलपुर, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में हाल ही संपन्न हुए दमोह विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद पार्टी में आंतरिक कलह देखने को मिल रहा है। दमोह उपचुनाव के परिणाम आने के बाद प्रशासनिक स्तर से लेकर पार्टी स्तर पर तक कार्रवाई हुई है। शासन ने दमोह कलेक्टर का तबादला कर दिया है। पार्टी स्तर पर कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता जयंत मलैय को जवाब तलब किया गया है। इस हार पर भाजपा नेताओं में आपसी कलह देखेन को मिल रही है। पार्टी संगठन द्वारा की गई कार्रवाई पर पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने ट्वीट कर बड़ा सवाल किया है। अजय विश्नोई ने ट्वीट कर पार्टी संगठन से सवाल पूछा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि चुनावी हार की जिम्मेदारी टिकट बांटने वाले और चुनाव प्रभारी लेंगे? बता दें कि उपचुनाव में हार मिलने के बाद भाजपा उम्मीदवार राहुल लोधी ने मलैया पर भितरघात का आरोप लगाया था। मलैया ने प्रह्लाद पटेल का भी वार्ड हारने के हवाला देकर टिकट चयन पर सवाल उठाए थे। उपचुनाव में मिली हार पर पार्टी संगठन ने निष्कासन की कार्रवाई की है। पूर्व मंत्री जयंत मलैया को नोटिस देकर बेटे सहित 5 मंडल अध्यक्षों को निष्कासित किया है जिसके बाद भाजपा में अंतर्कलह खुल कर सामने आने लगा है। हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा पाण्डेय




