मंदसौर 23 जून (हि.स.)। सीएमओ प्रेम कुमार सुमन ने बताया कि मंदसौर शहर में वर्तमान तक पर्याप्त वर्षा नही होने के कारण पानी की कमी हो रही हे। 25 जून 21 से पर्याप्त वर्षा होने तक 2 दिवस छोडकर जल प्रदाय किया जायेगा। अत सभी नागरिकों से अनुरोध है कि जल का अपव्यय ना करे, एवं अपने घरो में जल संग्रहीत करके रखे तथा नगरपालिका को सहयोग करे। शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए शिवना पर कालाभाटा व रामघाट बैराज हैं। गर्मी में दोनों में पानी खत्म हो जाता है। पेयजल समस्या समाधान के लिए 55 करोड़ खर्च कर ग्राम कोलवी से चंबल का पानी मंदसौर लाए। योजना में लाइन डैमेज होने के डर से नपा अभी पूरी क्षमता से पानी नहीं ला रही है। ऐसे में नपा करीब डेढ़ माह से आधा चंबल व आधा शिवना के गड्ढों में जमा पानी को रामघाट पहुंचाकर रोज पानी सप्लाई कर रही है। इसमें एक दिन आधे व दूसरे दिन आधे शहर को पानी मिल रहा है। अब रामघाट, कालाभाटा सहित मिर्जापुरा तक जमा पानी भी खत्म होने लगा है। मंगलवार दोपहर 12 बजे तक की स्थिति में रामघाट में एक दिन की सप्लाई के लिए 8 इंच भी पानी नहीं था। अभी मात्र कालाभाटा के पीछे गड्ढे में 3 से 4 दिन की सप्लाई जितना पानी है। नपा सप्लाई कम भी करती है तो इस पानी के साथ चंबल से आ रहे पानी को मिलाकर भी 5 से 7 दिन सप्लाई कर सकती है। स्थिति को देखते हुए नपा ने दो दिन छोड़कर सप्लाई करने का फैसला लिया है। रोज 8 इंच पानी चाहिए, चंबल से 3 इंच ही मिल रहा चंबल में एक पंप से अभी 24 घंटे में रामघाट में 3 इंच पानी जमा हो रहा है। एक सप्लाई के लिए 8 इंच पानी चाहिए। दो दिन में नपा शहर के एक हिस्से में सप्लाई के लिए 6 इंच पानी ही जमा कर पाएगी। नपा जलकर के कर्मचारियों ने नाम नहीं छापने पर बताया कि हर साल यह स्थिति बनती है लेकिन नपा अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। कर्मचारियों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया कि पानी कम है लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया




