दमोह, 17 अप्रैल (हि.स.)। दमोह विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शनिवार सुबह 7.00 बजे शुरू हुआ। सुबह 9.00 बजे तक 8.24 फीसदी मतदान हो चुका था। दमोह विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है। शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवार अजय टंडन द्वारा अपने समर्थकों के साथ किए गए बवाल के बाद मतदान के दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी 359 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्वक एवं कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप चल रहा है। सुबह 9 बजे तक 8.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। गौरतलब है कि दमोह विधानसभा उपचुनाव में दो महिलाओं सहित 22 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी और कांग्रेस के अजय टंडन के बीच है। राहुल लोधी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में वे विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इस उपचुनाव के नतीजों से तय होगा कि मतदाताओं ने उनके भाजपा में जाने पर सहमति दी है या इस फैसले को खारिज कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे




