सिवनी, 10 मई(हि.स.)। जिले में सोमवार की शाम को मौसम के बदले मिजाज, तेज हवाओं से कई पेड़ धराशायी हुये हैं वहीं कई मकानों की छप्पर हवा में उड गई है। जिला मुख्यालय से नागपुर जाने वाले मार्ग पर लगभग 10 किलोमीटर पर स्थित ग्राम गोपालगंज में सोमवार की शाम को तेज हवाओं के साथ बदले मौसम के मिजाज ने तबाही मचा दी। तेज हवा से कई पेड़ धराशायी हुये हैं और एक दर्जन से अधिक विद्युत पोल क्षतिगस्त हुये हैं। वहीं दो दर्जन से अधिक लोगों के मकानों की छतें हवा में उडकर चली गई हैं। बताया कि गोपालगंज के समीप ग्राम मुंडारा में भी दर्जनों पेड़ धराशायी हुये हैं। वहीं समर्थन मूल्य पर बेचने के लिये लाया गया किसानों का गेहूं भी पूरी तरह गीला हो गया है। कई जगह ओले भी गिरे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रवि सनोडिया




