नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मध्य प्रदेश में केन्द्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र बुधनी में उपचुनाव के लिए शनिवार को मतगणना हो रही है। शिवराज सिंह के गढ़ माने जाने वाले बुधनी में मतगणना का पहला राउंड पूरा हो चुका है और पहले राउंड के बाद भाजपा की हालत खराब नजर आने लगी है। यहां पहले राउंड की गिनती में कांग्रेस के राजकुमार पटेल 6481 वोटों से आगे निकल गए हैं।
दरअसल, बुधनी सीट केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सांसद चुने जाने के बाद रिक्त हुई थी। इसी लिए यहां उपचुनाव हो रहा है। यहां 19 नवंबर को वोट डाले गए थे। बुधनी में 20 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। यहां पूर्व भाजपा सांसद रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल आमने-सामने हैं। बुधनी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शनिवार प्रात: 08 बजे सीहोर जिला मुख्यालय स्थित शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू हुई। बुधनी विधानसभा सीट पर पहले राउंड में कांग्रेस के राजकुमार पटेल को 11207, बीजेपी के रमाकांत भार्गव को 4728 वोट मिले हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां मतगणना हो रही है। मतगणना स्थल पर मीडियाकर्मियों के लिए मीडिया सेंटर बनाया गया है तथा दो ऑफिशियल कम्युनिकेशन रूम और पब्लिक कम्युनिकेशन रूम भी बनाए गए हैं। मतगणना स्थल पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र के 363 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं द्वारा ईवीएम में डाले गये मतों की गणना के लिए 02 कक्षों में 14-14 टेबल्स लगाई गई हैं। बुधनी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 112 मतगणना कर्मी सहित लगभग 200 अधिकारी कर्मचारी तथा 300 से अधिक पुलिसकर्मी मतगणना की व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। मतगणना हॉल में प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाईजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट, एक काउंटिंग स्टॉफ तथा एक माइक्रो ऑर्ब्जवर मौजूद है।
मतगणना स्थल पर मिनी आईसीयू
मतगणना स्थल पर मिनी आईसीयू बनाया गया है, इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक सहित समुचित स्टाफ उपलब्ध रहेगा। ताकि किसी भी कर्मचारी को स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या आए तो तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
यह सामग्री प्रतिबंधित
मतगणना हॉल में मोबाइल फोन, आईपैड, लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, कैमरा, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा प्रतिबंधित है। किसी को भी मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगीI केवल आरओ, एआरओ, काउंटिंग सुपरवाइजर जो ईटीपीबीएमएस/इनकोर से जुडे हैं, वे केवल ईटीपीबीएमएस/इनकोर ओपन करने के लिए ओटीपी हेतु मोबाइल ले जा सकेंगे।





