गुना, 16 मार्च (हि.स.)। म्याना से पांच किमी दूर नेशनल हाइवे-46 पर मंगलवार की दोपहर सड़क किनारे खड़े खाली ट्राला में पीछे से मोटरसाइकिल भिड़ गई। इस हादसे में चालक का सिर ट्राला के लोहे के पटले से टकराया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया एयर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। म्याना थाना टीआइ बलवीर सिंह गौर ने बताया कि नेशनल हाइवे-46 (ग्वालियर-बैतूल) पर मंगलवार की दोपहर ट्राला क्र. आरजे11-जीए-5441 गुना तरफ से ग्वालियर की ओर जा रहा था। म्याना थानाक्षेत्र के डुंगासरा तिराहे के पास ट्राला चालक ने एक ढाबे पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर दिया था। इसी दौरान गुना तरफ से मोटरसाइकिल आ रही थी, जो पीछे से ट्राला में भिड़ गई। चालक का सिर सीधे ट्राला के लोहे के पटले से टकराया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। अनुमान है कि ट्राला का लोहे का पटला दिखा नहीं होगा। मौके से कुछ कागज मिले हैं, जिसमें मनीजर पुत्र पारसनाथ जिला बदायूं उप्र लिखा है। जबकि मोबाइल व आइडी प्रूफ आदि कुछ नहीं मिला है। टीआइ ने बताया कि जानकारी लगी है कि मृतक सपेरा जाति का है और नईसराय के समीप बीसोर गांव में ससुराल है। बताया जा रहा है कि मृतक धनिया आदि का काम करता था, जो गुना किसी काम से गया था और संभवत: वापस ससुराल लौट रहा था। मौके पर पहुंची डायल-100 से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




