रतलाम,31 मई (हि.स.) । मध्यप्रदेश के सभी सराफा व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में रतलाम सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष झमकलाल भरगट को संघर्ष समिति के संरक्षक पद पर चयनित किया गया। चयन के उपरांत भरगट द्वारा सभी व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की सहमति व सर्वसम्मति से प्रदेश स्तरीय संघर्ष समिति के गठन की घोषणा की गई। प्रदेश स्तरीय संघर्ष समिति में सराफा एसोसिएशन जबलपुर के अध्यक्ष राजा सराफ जबलपुर को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। आगर-मालवा सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष देवीलाल सोनी को प्रदेश महासचिव, सराफा एसोसिएशन भोपाल के अध्यक्ष संजीव गांधी को प्रांतीय कोषाध्यक्ष, राजकुमार प्रिंस विदिशा को प्रांतीय संगठन मंत्री, ग्वालियर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष जवाहरलाल जैन को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर चयनित किया गया। नवगठित कार्यकारिणी का उद्देश्य वर्तमान समय में नवीन सराफा व्यापार पर बीआईएस,एचयुआईडी एवं धारा 411, 412 आदि कानुन की विसंगतियों के कारण आने वाली परेशानियों से निपटने हेतु व्यापारियों को जागरूक करना व मप्र के सभी संभाग, जिलों व तहसीलों में संभाग व जिला स्तरीय समिति के माध्यम से जागरूकता शिविर आयोजित करना, वेबिनार आयोजित करना, संकटकालीन समय में व्यापारियों को उचित परामर्श, मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने हेतु प्रदेश स्तर पर संघर्ष समिति का गठन किया गया है,जिसमें मध्य प्रदेश के सभी जिलों से सक्रिय सर्राफा व्यापारीयों को शामिल करके प्रदेश, संभाग, जिला व तहसील स्तरीय समितियों का गठन कर एक सशक्त संगठन को खड़ा करना सुनिश्चित किया है। यह संगठन सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षार्थ कार्य करेगा। हिंदुस्थान समाचार / शरद जोशी




