जिला जेल में 102 बंदियों को लगाया कोरोना टीका आगरमालवा 28 मई (हि.स.)। कोरोना की दूसरी लहर से लड़ाई में शुक्रवार का दिन जिले के लिए खुशखबरी लेकर आया। बीते 24 घंटों में जिले में कोरोना का एक भी रोगी नहीं मिला। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बधाई दी है। आगरमालवा जिले में आज कोरोना का एक भी नया केस नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीटर पर स्थानीय प्रशासन और जनता को बधाई दी है। वहीं शुक्रवार को 18 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। जिले में वर्तमान में संक्रमितों का आंकड़ा 3258 है। इनमें से 2999 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं वहीं 68 की मौत हो गई तथा 191 मरीज उपचाररत हैं। उधर, कोरोना संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करने हेतु आगरमालवा जिला जेल में 18 से 44 वर्ष के 102 बंदियों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को टीकाकरण किया गया। हिन्दुस्तान समाचार/रीतेश




