ग्रीन सिटी कॉलोनी की मुरम की 7 सडकों को प्रशासन ने मशीन चलाकर खोदा
गुना, 15 फरवरी (हि.स.)। शहर के बायपास रोड स्थित अवैध ग्रीन सिटी कॉलोनी की मुरम की 7 सडकों को प्रशासन ने मशीन चलाकर खोद दिया। सोमवार की दोपहर 2 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कॉलोनाइजर ने टीएंडसीपी, पिपरौदा खुर्द पंचायत और विकास की अनुमति तक नहीं ली, जबकि कॉलोनाइजर 2015 से प्लॉट बिक्री का काम कर रहा था। इस कॉलोनी में 20 लोगों के प्लॉटों के नामांतरण भी कॉलोनाइजर ने कर दिए। जिला प्रशासन की मानें, तो तीन बीघा जमीन को अवैध तरीके से कॉलोनाइजर बेच चुका है। एक बीघा जमीन की बिक्री की तैयारी में कॉलोनाइजर जुटा हुआ था। उधर, कार्रवाई के बाद तहसीलदार द्वारा कलेक्टर को रिपोर्ट भेज दी है। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने एक बार फिर माफिया और अवैध कॉलोनी की बसाहट करने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसके चलते सोमवार की दोपहर कॉलोनाइजर मनीष पुत्र वीरेंद्र जैन निवासी छोटी मस्जिद गली की बायपास स्थित अवैध कॉलोनी ग्रीन सिटी की सडक़ों पर जिला प्रशासन ने मशीन चलवाई। इस दौरान सात मुरम की सडक़ों को एक घंटे के भीतर राजस्व अमले की निगरानी में खोद दिया गया। उधर, कॉलोनी में बनकर तैयार हुए तीन मकान मालिकों के चेहरे पर पसीना था। उन्होंने पटवारियों से पूछा कि उन्होंने अगर अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदकर मकान का निर्माण कराया है, तो ऐसे में क्या उनका भी मकान तोड़ा जाएगा। अधिकारी बोले- कीमत 1.50 करोड़ रुपये जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनी ग्रीन सिटी कॉलोनी चार बीघा में बसाई गई थी, जिसमें तीन बीघा कॉलोनाइजर बेच चुका है। राजस्व के हिसाब से तीन बीघा जमीन की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। उधर, कलेक्टर को कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों की सूची भी तैयार कर ली गई है। आगामी दिनों में इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। शहर में 140 अवैध कॉलोनियों की सूची कलेक्टर के पास पहुंची राजस्व और नगरपालिका प्रशासन ने 140 अवैध कॉलोनी बसाने वाले कॉलोनाइजरों की रिपोर्ट कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के पास भेजी है। कलेक्टर इन कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं, जिसके तहत शहर में एक बार फिर अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ दोबारा से कार्रवाई शुरू हो गई है। - बायपास स्थित अवैध कॉलोनी ग्रीन सिटी की मुरम की सडक़ें मशीन से उखाड़ी गई हैं। कॉलोनाइजर ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से परमीशन भी नहीं ली है। साथ ही पंचायत और विकास को लेकर भी अनुमित कॉलोनाइजर के पास नहीं है। माफिया और कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। - कुमार पुरुषोत्तम, कलेक्टर गुना हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक-hindusthansamachar.in