गुना, 9 जून (हि.स.) । सीहोर में फरवरी माह में चलते कंटेनर को काटकर चुराए गए 220 मोबाइल की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है। गुना में एक मोबाइल कारोबारी के यहां दबिश दी गई, इसकी भनक कोतवाली पुलिस तक को नहीं लगने दी गई। चोरी के मोबाइल खरीदने के संदेह में पुलिस इस कारोबारी को उठाकर ले गई है। हालांकि गुना और राजगढ़ जिले से मोबाइल कारोबारियों को उठाया गया है। कोतवाली टीआई मदनमोहन मालवीय का कहना है कि हमें यह जानकारी नहीं है कि सीहोर पुलिस गुना कब आई और किसे उठाकर ले गई है। वहीं सीहोर जिले के पार्वती थाना प्रभारी प्रवीन जादव ने बताया कि गुना से कुछ संदेही उठाए हैं, लेकिन नाम का खुलासा नहीं किया। क्या है मामला : महाराष्ट्र से कंटेनर 1399 से मोबाइल के बाक्स लेकर इन्दौर से रात 11.30 बजे निकला था। सीहोर के भोपाल हाईवे रोड पर डोंडी घाटी हाईवे ट्रीट के सामने कुछ बदमाश कंटेनर पर चढ़ गए और लॉक काटकर 11 बॉक्स ले गए। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




