दुमका, 09 मार्च (हि.स.)। जबरन जमीन लूटने के विरोध में रैयतों ने मंगलवार को सीओ का घेराव करने पहुंचे। मामला सदर प्रखंड के नकटी गांव का है, जहां दर्जनों की संख्या में ग्रामीण झारखंड राज्य किसान सभा एवं आदिवासी अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां रैयतों ने सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा जबरन जमीन हड़पने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने झामुमों के केंद्रीय महासचिव सुशील दूबे, पूर्व नगर अध्यक्ष रवि यादव एवं प्रितम साह पर पुलिस के बल पर कुल 27 बीघा जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए सीओ का घेराव करने पहुंचे थे। हालांकि सीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उक्त 27 बीघा जमीन में सात बीघा जमीन खेती के नाम से दर्ज है। रैयतों ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए किसान नेता ऐहतशाम अहमद ने कहा कि नकटी मौजा के अंदर 754 दाग नंबर में गेंजर पर्चा में जंगल साल के नाम से दर्ज है। झामुमो के स्थानीय नेता जिसको सत्ताधारी दल का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस की मिलीभगत से जबरन चाहरदीवारी का निर्माण करवाया जा रहा है। सीओ और एसडीओ की मिलीभगत से सरकारी जमीन की लूट हो रही है। इसकी जांच की जाये। हिन्दुस्थान समाचार /नीरज




