08/05/2021 देवघर, 08 मई (हि.स.)। जिले के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीसी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यो की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर पर बाहर से आने वाले श्रमिकों की सुविधा के लिए आइसोलेशन व क्वारंटाइन सेंटर की व्यस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। जिलेे में कोविड टीकाकरण, टेस्टिंग के अलावा कोविड नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन व मास्क अर्थदंड अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारियों को लोगों को जागरूक करते हुए सख्त कदम उठाने का भी निर्देश दिया। शहरी क्षेत्र में नगर निगम व सूचना जनसंपर्क विभाग को विशेष रूप से लोगो को जागरूक करने के साथ प्रखंड व पंचायत स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को कोविड वैक्सीन, टेस्टिंग और संक्रमण से बचाव व रोकथाम की जानकारियों से अवगत कराने का भी आदेश दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्र विजय/चंद्र




