Jharkhand Byelection: गांडेय विधानसभा सीट पर होगा उपचुनाव, मैदान में उतरेंगी कल्पना सोरेन, BJP को देंगी टक्कर

Jharkhand News: गांडेय विधानसभा की सीट पर JMM विधायक के इस्तीफे के बाद यहां JMM ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है।
Kalpana Soren 
Jharkhand Byelection
Kalpana Soren Jharkhand ByelectionRaftaar.in

रांची, हि.स.। राज्य के लिए वर्तमान हालात में सबसे हॉट सीट गिरीडीह जिले की गांडेय विधानसभा की सीट बन गई है। गांडेय विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पारा भी मौसम के बढ़ते तापमान के साथ बढ़ने लगा है। पूर्व में JMM विधायक के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई है। इस पर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है।

कल्पना सोरेन उतरी मैदान में

इस लिहाज से इस पर फिर से झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है। कल्पना सोरेन राज्य के साथ पूरे देश में वर्तमान में JMM का चेहरा हैं। ऐसी हालत में इस सीट को JMM ने प्रतिष्ठा की सीट बना ली है। इसी के तहत अब JMM ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

कल्पना सोरेन ने कंधों पर उठाया पार्टी का भार

फिलहाल जमीन से जुड़े मामले में हेमंत सोरेन जेल में हैं और उनकी जगह अब उनकी पत्नी कल्पना सोरेन चुनावी समर में पार्टी का मोर्चा संभालने खुलकर सामने आ चुकी हैं। कल्पना सोरेन लगातार JMM की बैठक में शिरकत कर रही हैं। गांडेय विधानसभा क्षेत्र का दौरा लगातार कर रही हैं। इस दौरान वह एक-एक कर सभी पंचायत से आए कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने करने की कोशिश में लगी हैं। साथ ही उनकी राय व परेशानियों को भी सुन रही हैं। हर बूथ स्तर पर कितने वोट पूर्व चुनाव में आए और आगे उसका प्रतिशत कैसे बढ़ाएं, इस पर भी मंथन किया जा रहा है।

गांडेय सीट पर हमेशा रहा तगड़ा मुकाबला

कल्पना सोरेन की सियासत में एन्ट्री के लिए JMM नेतृत्व गांडेय को सेफ सीट मान रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि यहां उन्हें भाजपा की तरफ की कड़ी चुनौती मिलेगी। कल्पना सोरेन के लिए यह लड़ाई कितनी चुनौतीपूर्ण है, यह पिछले चुनाव के वोटों के हिसाब-किताब और यहां के अब तक के इतिहास पर निगाह डालने से साफ हो जाती है। इस सीट पर 1977 से लेकर अब तक का चुनावी इतिहास यह है कि यहां पांच बार JMM, दो बार कांग्रेस, दो बार भाजपा और एक बार जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। यह किसी एक पार्टी का अभेद्य किला नहीं है। JMM की चुनावी सफलता की दर सबसे ज्यादा जरूर है, लेकिन भाजपा ने भी हाल के वर्षों में यहां खासा दम दिखाया है और दो बार जीत का परचम भी लहराया है।

JMM ने दर्ज की सबसे अधिक सीट

2019 के चुनाव में यहां JMM के उम्मीदवार डॉ. सरफराज अहमद ने 65 हजार 23 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की थी। दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के जयप्रकाश वर्मा को 56 हजार 168 वोट मिले थे। इस प्रकार वह 8,855 वोटों से पिछड़ गये थे। तीसरे स्थान पर रहे आजसू पार्टी के उम्मीदवार अर्जुन बैठा को 15,361 वोट मिले थे। अब भाजपा और आजसू पार्टी एक ही अलायंस का हिस्सा हैं। अगर इन दोनों के वोट जोड़ दें तो वह JMM उम्मीदवार को मिले वोट से करीब छह हजार ज्यादा है।

कल्पना सोरेन की BJP बढ़ा सकती है मुश्किलें

इस बार भाजपा ने दिलीप कुमार वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वह पिछली बार बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम के उम्मीदवार थे और उन्हें 8,952 वोट मिले थे। अब बाबूलाल मरांडी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं और जेवीएम का भाजपा में विलय हो चुका है जाहिर है, पिछले चुनाव में अलग-अलग उम्मीदवार उतारने वाली भाजपा, आजसू और जेवीएम, तीनों के वोट एक साथ इकट्ठा हो जाएं तो JMM की कल्पना सोरेन के लिए राह आसान नहीं होगी। हालांकि, भाजपा की ओर से उम्मीदवार घोषित किये जाने पर आजसू ने नाराजगी जाहिर की है। आजसू नेताओं का कहना है कि उम्मीदवार घोषित करने के पहले उनसे मशविरा नहीं किया गया। पिछले चुनाव में आजसू उम्मीदवार रहे अर्जुन बैठा भी चुनाव मैदान में उतरने पर अड़े हैं, लेकिन माना जा रहा है कि अंतत: भाजपा का नेतृत्व आजसू को मना लेगा।

मुस्लिम समुदाय का JMM को मिल सकता है साथ

दूसरी तरफ, JMM के रणनीतिकारों को इस सीट पर मुस्लिम और आदिवासी की बड़ी आबादी के आधार पर बनने वाले मजबूत समीकरण पर भरोसा है। इस सीट से इस्तीफा देने वाले डॉ. सरफराज अहमद को JMM ने राज्यसभा भेज दिया है। इससे यह माना जा रहा है कि JMM उम्मीदवार कल्पना सोरेन को मुस्लिमों का भरपूर समर्थन मिलेगा। आदिवासियों को JMM पहले से अपना परंपरागत वोटर मानता है। कुल मिलाकर, लड़ाई न तो एकतरफा है और न ही आसान। इस सीट पर जीत-हार से तय होगा कि राजनीति के मैदान में कल्पना सोरेन के पांव कितनी मजबूती से टिक पायेंगे।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in