16/05/2021 रांची, 16 मई (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने रविवार को विभागीय अधिकारियों और विभिन्न जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ टेलीफोन पर बातचीत कर कार्डधारियों व जरुरतमंद लोगों को अनाज उपलब्ध कराने के लिए हो रहे कार्यों की समीक्षा की। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि 58 लाख लाल राशन कार्डधारियों व 13 लाख हरा राशन कार्डधारियों के साथ ही सभी गरीब एवं जरुरतमंद लोगों तक नियत समय के पहले डीलरों के माध्यम से अनाज उपलब्ध कराने का कार्य सुनिश्चित कर लिया जाए। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि धान और गेहूँ का उठाव कर लिया गया है एवं डोर स्टेप डिलीवरी के तहत अनाज राशन डीलर के पास पहुंचा दिया गया है। डीलर लाभुकों के बीच अनाज वितरण कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत भी अनाज का उठाव जारी है। इस महीने के भीतर लाभुकों के बीच अनाज का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। रामेश्वर उरांव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश है कि 31 मई के पहले सभी राशन कार्डधारियों तक मई और जून महीने का राशन का वितरण सुनिश्चित कर दिया जाए। उन्होंने कहा है कि कोरोना संक्रमण काल में किसी भी परिवार या व्यक्ति को अनाज की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। इसे लेकर विभाग की ओर से युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। उरांव ने हरा राशन कार्ड धारियों को भी अनाज का वितरण करने का निर्देश दिया है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता भी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण/चंद्र





