16/04/2021 रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। देश की रक्षा के लिए परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का अपनी जान दी थी। उनकी पत्नी बलमदीना एक्का ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन पर रामगढ़ जिले के बरकाकाना डीएवी स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को एक शोक सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्राचार्या सह क्षेत्रीय अधिकारी डॉ उर्मिला सिंह ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया। तत्पश्चात उन्होंने अपने सभी सहयोगियों के साथ दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2018 के गणतंत्र दिवस को भी याद किया। उस दिन वो विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में आईं थी। उसी दिन उनके कर कमलों द्वारा विद्यालय में शहीद स्मारक ‘अमर जवान ज्योति’ का उद्घाटन किया गया था। विद्यालय के क्रीड़ा प्रांगण का नामकरण अल्बर्ट एक्का के नाम पर किया गया था । विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उन्हें अपनी भाव- भीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत की आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की। हिन्दुस्थान समाचार/ अमितेश




