रांची, 18 मई (हि. स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि भाजपा के पास भ्रम के सिवाय कोई साधन नहीं है। इसलिए भाजपा के नेता वर्चुअल रैली कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने मंगलवार को कहा कि जिस तरह साप्ताहिक हाट होता है। उसी तरह भाजपा के नेताओं ने वर्चुअल धरना दिया। भाजपा के नेता किसानों के हित में बड़ी-बड़ी बात कर वर्चुअल रैली कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने अपना चुनावी वादा पूरा किया है। किसानों का कर्ज माफी किया गया है। राज्य में धान का क्रय आज भी जारी है और जून महीने तक यह जारी रहेगा। आगामी फसल के लिए खाद्य, बीज की आपूर्ति कैसे हो। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। इससे भाजपा बौखला गई है। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि आप खेतों में जाइए किसानों के नष्ट हुए फसल को देखिए और सहयोगात्मक काम कीजिए। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण




