रांची, 04 जून (हि. स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी अब गलत बयान बाजी कर रहे हैं। झामुमो महासचिव सुप्रिया भट्टाचार्य ने वैक्सीन के मूल्य निर्धारण को लेकर मरांडी के दिए बयान पर एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के सभी नेता बाबूलाल को मुख्यमंत्री बनाने की बात कहकर लगातार बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से पार्टी मांग करती है कि वह वैक्सीन की कीमत तय करने की कंपनी की बात की स्पष्ट जानकारी बाबूलाल को दें। साथ ही उनका सही तरीके से इलाज भी कराएं। बाबूलाल आए दिन इस तरह की अनर्गल बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश की ओर से वैक्सीन की रिकॉर्ड बर्बादी वाले बयान पर भी हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया ट्विटर पर पूछा है कि दीपक प्रकाश क्या अभी भी झूठे आंकड़े चबा रहे हैं आप। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण




